उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय कुल्लू के ढालपुर में दो दिनों तक चुनावी दहाड़ सुनने को मिलेगी। 29 मई को ढालपुर में होने वाली कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की रैली का जवाब भाजपा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से देगी। 30 मई को कुल्लू के रथ मैदान में प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा ने कुल्लू के शमशी में बैठक की।
जिला भाजपा अध्यक्ष अरविंद चंदेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने रैली की तैयारी को लेकर गठित विभिन्न कमेटियों से फीडबैक लिया और जनसभा की सफलता को लेकर सुझाव देकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। पूर्व मंत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी गोविंद ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 30 मई को कुल्लू के रथ मैदान में जनसभा करेंगे। रैली में जिले से 15,000 कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस दौरान विधायक सुरेंद्र शौरी, पूर्व विधायक महेश्वर सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरोतम ठाकुर, अर्चना ठाकुर, राहुल सोलंकी, अमित सूद, दानवेंद्र सिंह, मनीषा सूद, महामंत्री अमर ठाकुर, बलदेव महंत मौजूद रहे।