हिमाचल प्रदेश में दो नवंबर से नियमित कक्षाओं के लिए स्कूल-कॉलेज खोलने के लिखित निर्देश जारी हो गए हैं। मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलते ही शिक्षा विभाग ने उच्च शिक्षा निदेशालय को निर्देश जारी कर एसओपी का पालन करते हुए सोमवार से नौवीं से 12वीं और कॉलेजों में नियमित कक्षाएं शुरू करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा सचिव राजीव शर्मा की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि कम कमरों वाले स्कूल-कॉलेजों में शिफ्टों में विद्यार्थी बुलाए जाएं। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए कक्षाओं में सिटिंग प्लान बनाए जाएं। अगर किसी स्कूल-कॉलेज के पास पर्याप्त कमरे हैं तो अधिक विद्यार्थी होने पर अलग-अलग कमरों में विद्यार्थियों को बैठाया जाए।