कोरोना महामारी के चलते प्रदेश में करीब छह माह से बंद रात्रि परिवहन सेवा को सरकार ने तीन रूटों पर बहाल कर दिया है। शनिवार से शिमला के लिए चंबा, मनाली और धर्मशाला से रात्रि परिवहन सेवा शुरू हो जाएगी। परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
विज्ञापन
बिक्रम ठाकुर ने बताया कि चंबा-शिमला-चंबा रूट पर हर रोज बस का संचालन सायं 5 बजे चंबा से और सायं 6:30 बजे शिमला से होगा। इसी तरह मनाली-शिमला-मनाली रूट पर बस का संचालन सायं 7 बजे मनाली से और सायं 8 बजे शिमला से किया जाएगा। इसके अलावा धर्मशाला-शिमला-धर्मशाला रूट पर बस का संचालन सायं 9:30 बजे धर्मशाला से और सायं 9:30 बजे शिमला से किया जाएगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि विभिन्न कार्यों के दृष्टिगत प्रदेश के विभिन्न भागों से लोगों का राजधानी शिमला में आवागमन होता है। इसलिए अभी राजधानी शिमला से तीन रूटों पर रात्रि बस सेवा शुरू की जा रही है। अन्य क्षेत्रों से भी रात्रि बसों का संचालन जल्द आरंभ कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि निगम के क्षेत्रीय और उपमंडलीय प्रबंधकों को कर्मचारियों के लिए हैंड सैनिटाइजर, मास्क, गल्व्ज और फेस शील्ड नियमित रूप से उपलब्ध करवाने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें यात्रियों की कोविड-19 से सुरक्षा के दृष्टिगत प्रदेश सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है।
अभी तीन रूटों पर रात्रि परिवहन सेवा को शुरू किया जा रहा है। अन्य रूटों पर जल्द संचालन आरंभ कर दिया जाएगा।-बिक्रम सिंह, परिवहन मंत्री
रूट समय
चंबा से शिमला सायं 5 बजे
शिमला से चंबा सायं 6:30
मनाली से शिमला सायं 7:00
शिमला से मनाली सायं 8:00
धर्मशाला से शिमला सायं 9:30
शिमला से धर्मशाला सायं 9:30