परिवारों के साथ तीन दिन के लिए शिमला घूमने आए हैं। कोरोना संकट के चलते महीनों से घरों में कैद थे। अब शिमला आकर खुद को तरोताजा महसूस कर रहे हैं। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती और मौसम लाजवाब है। - कपिल सैनी- विनय गुप्ता, दिल्ली के पर्यटक
टूरिस्टों ने शिमला का रुख करना शुरू कर दिया है। सरकार को अब टूरिस्टों की एंट्री पूरी तरह से खोल देनी चाहिए।-राजेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष एचपी टैक्सी ऑपरेटर यूनियन
राज्यों से टूरिस्ट अपने परिवारों के साथ शिमला पहुंचने लगे हैं। हनीमून के लिए नवविवाहित जोड़ों ने भी शिमला का रुख करना शुरू कर दिया है।- मनु सूद, महासचिव ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन शिमला
शिमला शहर में टूरिस्टों की हलचल शुरू हो चुकी है। जल्द ही अधिकतर होटल खुल जाएंगे। शिमला आने के इच्छुक सैलानियों के लिए अब सरकार को बॉर्डर पूरी तरह खोल देने चाहिए। होटलों का संचालन निर्धारित एसओपी के तहत किया जा रहा है।-संजय सूद, अध्यक्ष, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन
हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में 30 सितंबर तक कमरों की बुकिंग पर 40 फीसदी छूट मिलेगी। कोरोना संकट के बीच सैलानियों को रिझाने के लिए निगम ने प्रदेश के करीब 60 होटलों में डिस्काउंट देने का फैसला लिया है। शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौली, कसौली, चंबा सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में स्थित निगम के होटलों में छूट की यह सुविधा मिलेगी। कमरों की बुकिंग करवाने के लिए सैलानियों को पर्यटन निगम की वेबसाइट पर सभी होटलों की रेट लिस्ट के साथ जानकारी मिलेगी। निगम ने इस बाबत वेबसाइट को अपडेट कर दिया है।
इस साल मानसून डिस्काउंट की जगह निगम ने एक माह के लिए विशेष छूट देने का फैसला लिया है। हर साल 15 सितंबर से निगम के होटलों में बुकिंग करवाने पर 20 से 50 फीसदी तक डिस्काउंट दिया जाता था। कोरोना संकट के दौरान प्रदेश सरकार ने कम से कम दो रात के लिए होटलों की बुकिंग करवा कर आने वाले सैलानियों को कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट के साथ आने की मंजूरी दी है। इसी कड़ी में बीते कुछ माह से ठप चल रहे होटल कारोबार को गति देने के लिए पर्यटन निगम ने कमरों की बुकिंग पर चालीस फीसदी की छूट देने का एलान किया है।