सुबह 11 बजे तक प्रभावित रहा यातायात,
परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए छात्रों को चढ़नी पड़ी चढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। बालूगंज चौक में वीरवार सुबह एक निजी बस खराब होने से समरहिल स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। इसका सबसे अधिक असर विश्वविद्यालय में परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों पर पड़ा।
विश्वविद्यालय की बसों सहित अन्य बसों की आवाजाही बाधित होने से विद्यार्थियों को पैदल ही सफर तय करना पड़ा। स्नातक और स्नातकोत्तर परीक्षाओं के बीच विद्यार्थियों के सामने समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई। कई विद्यार्थी बसों से उतरकर बैग उठाए समरहिल की चढ़ाई चढ़ते नजर आए। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे बालूगंज चौक में एक निजी बस खराब हो गई। इस कारण विश्वविद्यालय की ओर जाने वाली सड़क पर बसों की आवाजाही बाधित हो गई। एचपीयू की अपनी बसें और अन्य निजी बसें भी आगे नहीं जा सकीं।
विज्ञापन
सुबह करीब 11 बजे तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान विश्वविद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। विवि में नवंबर से स्नातकोत्तर परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं वीरवार को बीए, बीएससी और बीकॉम की अनुपूरक परीक्षाएं हुईं। सुबह के वक्त प्रथम वर्ष के कंप्यूटर एप्लीकेशन, द्वितीय वर्ष के हिंदी और तृतीय वर्ष के भूगर्भ विज्ञान, शारीरिक शिक्षा और शिक्षा विषय की परीक्षाएं निर्धारित थीं। ऐसे में यातायात बाधित होने से विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ गई। परीक्षा का समय नजदीक होने के कारण उनके पास बसों की आवाजाही दोबारा शुरू होने का इंतजार करने का विकल्प भी नहीं था। मजबूरन उन्हें पैदल ही विश्वविद्यालय परिसर पहुंचना पड़ा।
बसों पर निर्भर विद्यार्थियों को ज्यादा दिक्कत
समरहिल स्थित विश्वविद्यालय तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी बसों पर निर्भर रहते हैं। विश्वविद्यालय की बस सेवा भी विद्यार्थियों के आवागमन का प्रमुख साधन है। सुबह बसों की आवाजाही रुकने से विद्यार्थियों के पास तत्काल परिवहन के विकल्प सीमित हो गए। परीक्षा के दिन अचानक पैदा हुई इस स्थिति ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं।