अखिल भारतीय अस्थायी अध्यापक महासंघ ने प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द सभी अस्थायी अध्यापकों को विधेयक लाकर नियमित करने की मांग की है। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील चौहान, राष्ट्रीय प्रेस सचिव चंदन नेगी ने कहा है कि विधेयक लाने से पहले सरकार सभी अस्थायी अध्यापक संगठनों के पदाधिकारियों को विश्वास में लें।
जिन अस्थायी अध्यापकों के लिए यह विधेयक लाया जा रहा है उनसे इसे लाने से पहले विचार विमर्श और राय लेना बहुत जरूरी है। अगर सरकार विधेयक में नियमितीकरण का प्रावधान नहीं करती है तो यह प्रदेश के 15 हजार अस्थाई अध्यापकों के साथ अन्याय होगा। उन्होंने कहा कि बीते 14 सालों से प्रदेश में लगभग 15 हजार अस्थायी अध्यापक दूरदराज की पाठशालाओं में सेवाएं दे रहे हैं।