फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नितिन गडकरी ने हिमाचल के लिए की बड़ी घोषणा, चलाई जाएंगी ऐसी बसें

Mon, 25 Feb 2019 10:45 AM IST
ashok chauhan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला
विज्ञापन
विज्ञापन

सदन में कुछ दिन पहले अपने विभाग में बेहतरीन काम की बदौलत सोनिया गांधी समेत सभी सांसदों से तारीफ पाने वाले केंद्रीय भूतल परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मैं झूठे सपने कभी नहीं दिखाता।

विज्ञापन


मैं जो बोलता हूं वह डंके की चोट पर करके दिखाता हूं। कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल के तहत आने वाले चंबी मैदान में आयोजित कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में सड़कों से विकास की नब्ज पकड़ते हुए गडकरी ने कहा कि वह हिमाचल में डबल डेकर यानी हवा में बस और पानी में जहाज उतारेंगे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इसके लिए प्रस्ताव दिया है। मेरा विभाग हिमाचल को 40 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट देकर विकास की राह पर दौड़ाएगा। इसका श्रेय करोड़ों कार्यकर्ताओं को जाएगा। 

विज्ञापन

बस में 260 यात्री बैठ सकेंगे

गडकरी ने कहा कि हिमाचल में रेलवे और एयरपोर्ट का विस्तार कठिन है। इसलिए हवा में बस और पानी में जहाज उतारकर प्रदेश की तस्वीर बदली जा सकती है। मुख्यमंत्री को प्रस्ताव दिया है कि विदेश की तर्ज पर हिमाचल में डबल डेकर बस चलाई जा सकती है, जिसमें करीब 260 यात्री बैठ सकेंगे।

पहाड़ी प्रदेश के लिए इस तरह की परिवहन व्यवस्था आवश्यक है। रोपवे बनाकर हिमाचल को विकास की राह पर लाया जा सकता है। हम देश में पानी में उतरने वाले जहाज शुरू कर चुके हैं।

पानी में एयर स्ट्रिप से जहाज पानी से ही उड़ सकेंगे। एयरपोर्ट की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। हिमाचल की झीलों में भी ऐसा हो सकता है। हम मुंबई से दिल्ली तक 12 लेन का सीमेंट रोड बना रहे हैं।

विकास की न्यूज रील चली, अभी पूरी फिल्म बाकी  

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभी तक विकास की न्यूज रील ही चली है। अभी विकास की पूरी फिल्म तो शुरू होना बाकी है। भारत विश्व में महाशक्ति बन रहा है। आयुष्मान भारत योजना से 10 करोड़ परिवारों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिलेगा। उज्ज्वला योजना से महिलाओं के जीवन में उजाला आया है। वर्ष 2022 तक हर परिवार के पास मकान होगा।

भाजपा मां-बेटों वाली पार्टी नहीं
केंद्रीय मंत्री ने बिना नाम लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा मां-बेटों और पिता-पुत्र वाली पार्टी नहीं है। इस पार्टी के मालिक कार्यकर्ता हैं। भाजपा भारत की सुरक्षा को लेकर कटिबद्ध है। कश्मीर हो या गुवाहाटी, सब हमारी माटी है। कुछ ताकतों ने देश को तोड़ने की कोशिश की है।   
विज्ञापन

नहीं बनना चाहता था राष्ट्रीय अध्यक्ष

गडकरी ने कहा कि उन्होंने तो कभी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की भी कल्पना नहीं की थी। जब उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की घोषणा हुई तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से कहा था कि उन्हें पूरे देश की राजनीति के बारे में पता नहीं है। मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष के बजाय पार्टी का महासचिव बना दो, लेकिन, जिस कुर्सी पर अटल-आडवाणी बैठे थे, मुझे वहां बैठाने का सौभाग्य मिला। 

मैंने कभी किसी नेता को पुष्प गुच्छ नहीं दिए
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं विद्यार्थी था तो दीवारों पर पोस्टर चिपकाने और रिक्शे पर लाउड स्पीकर से बोलने का काम करता था। मैंने किसी नेता को कभी पुष्प गुच्छ नहीं दिए। एयरपोर्ट पर कभी किसी नेता के स्वागत के लिए नहीं गया। मेरी मां और पिता राजनेता नहीं थे। मैं किसान का बेटा था। मुझे पार्टी नेतृत्व ने कई अहम पद मेरी जवानी में ही दे दिए। 

वीरभद्र सरकार पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने मंच से पूर्व वीरभद्र सरकार पर निशाना साधा। कहा कि उन्होंने हिमाचल को दो फोरलेन और कई एनएच दिए, लेकिन मेरी ओर से पैसे देने के बावजूद पिछली सरकार ने प्रोजेक्टों की डीपीआर तक नहीं बनाई। इस वजह से प्रोजेक्ट लटके। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद डीपीआर बनाई गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें