सरकार के ढुलमुल रैवये से गुस्साए बेरोजगार कला अध्यापकों ने बिलासपुर में आक्रोश रैली निकाली और प्रदर्शन किया। प्रदेश के सैकड़ों बेरोजगार कला अध्यापक मांगों के समर्थन में बिलासपुर पहुंचे थे। बेरोजगार कला अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने विभिन्न श्रेणी के अध्यापकों के 3636 पद भरने को मंत्रिमंडल बैठक में मंजूरी दी है, लेकिन हैरानी की बात है कि राज्य के मिडल तथा हाई स्कूलों में कला अध्यापकों के 1400 से अधिक पद खाली हैं।
बावजूद इसके कला अध्यापकों के पदों को भरने के बारे में मंत्रिमंडल ने कोई फैसला नहीं लिया। इससे पता चलता है कि सरकार जानबूझ कर लंबे अरसे से खाली पड़े कला अध्यापकों के पदों को भरने पर कोई फैसला नहीं ले रही है। बेरोजगार कला अध्यापकों ने कहा कि सरकार से बार-बार आग्रह के बावजूद मांग को नजरअंदाज किया जा रहा है।
बिलासपुर में बेरोजगार कला अध्यापक संघ की अगुवाई में प्रदेश के सैकड़ों कला अध्यापकों ने लुहणू मैदान से बिलासपुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर तक सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली। चेतावनी दी गई कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में अगर कला अध्यापकों के पद भरने का फैसला नहीं लिया गया तो कला अध्यापक उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। इस दौरान बेरोजगार कला अध्यापक संघ के उपाध्यक्ष नरेश कुमार, महासचिव प्रेमदीप, रजनीश चंदेल, बलवंत सिंह, संजू कुमारी और सोमा देवी मौजूद रहे।