ढाई करोड़ रुपये से निर्माण करवाएगा लोक निर्माण विभाग, डबल लेन पुल निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही शुरू होगा अंडरपास का निर्माण
विज्ञापन
स्लैब के नीचे से सात मीटर तक चौड़े अंडरपास से होगी आवाजाही अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की लिफ्ट पार्किंग के पास लगने वाले जाम का स्थायी समाधान करने के लिए बनाए जा रहे डबल लेन पुल के निर्माण के बाद पार्किंग में वाहनों के प्रवेश के लिए अंडरपास का निर्माण होगा।
ढाई करोड़ रुपये से होने वाले इस निर्माण कार्य के पूरा होने पर कार्ट रोड पर लिफ्ट के पास जाम के कारण लगने वाली वाहनों की कतारें नहीं रहेंगी। पर्यटकों और स्थानीय लोगों के वाहन सीधे एक ओर से अंडरपास होकर पार्किंग में जा सकेंगे। लिफ्ट के पास निर्माणाधीन डबल लेन पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही लोक निर्माण विभाग अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू करवा देगा। पुराने लिफ्ट पुल को पार कर छोटी शिमला की ओर अंडरपास के लिए पहले ही पेड़ों को काटकर खोदाई की गई है। यहीं से सड़क की दूसरी ओर बनी मल्टी-स्टोरी लिफ्ट पार्किंग के सड़क स्तर से नीचे के फ्लोर में अंडरपास पार्किंग से जुड़ेगा। सड़क के लिए स्लैब डाला जाना है, जिसके ऊपर से कार्ट रोड का दोनों पुलों से होकर आने वाला ट्रैफिक चलेगा। लिफ्ट से निकलते ही बनने वाले अंडरपास से बाहरी राज्यों से शिमला आने वाले निजी वाहन और शहर के लोगों के वाहन बिना ट्रैफिक बाधित किए सीधे पार्किंग में आ-जा सकेंगे। अंडरपास में पैदल रास्ता भी बनाया जाएगा। वाहन पार्क करने वाले पर्यटक और आम लोग पैदल अंडरपास से होकर माल रोड की ओर आवाजाही कर सकेंगे। अंडरपास सात मीटर से अधिक चौड़ा होगा और इसमें पैदल रास्ता भी होगा।
अंडरपास निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू
अधिशासी अभियंता प्रवीण वर्मा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने करीब ढाई करोड़ रुपये से होने वाले अंडरपास के निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं। लिफ्ट के पास डबल लेन पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस व्हीकुलर (वाहन) अंडरपास के निर्माण के लिए कार्ट रोड पर अतिरिक्त जगह खुल जाएगी। इससे निर्माण के दौरान कार्ट रोड का ट्रैफिक बाधित होने की संभावना कम हो जाएगी। टेंडर आवंटन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह महीने में इस अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा करने का प्रयास रहेगा। दो डबल लेन पुल और एक अंडरपास बनने के बाद लिफ्ट के पास नहीं लगेगा जाम।