दौलतपुर चौक (ऊना)। नववर्ष के पहले दिन मंगलवार को दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन पर डीएमआर अंबाला (डिविजनल रेलवे मैनेजर) डीसी शर्मा निरीक्षण यान में पूरी टीम के साथ पहुंचे और अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से दौलतपुर चौक स्टेशन ट्रैक का निरीक्षण किया। ट्रैक के निरीक्षण के साथ डीएमआर डीसी शर्मा ने अपने पूरे दलबल के साथ चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे स्टेशन कुनेरन और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
विशेष तौर पर कंट्रोल रूम, स्टाफ एकोमोडेशन, स्टेशन सिक्योरिटी सहित अन्य सुविधाएं जांचीं गईं। उन्होंने औपचारिक एलान नहीं किया लेकिन सूत्रों के अनुसार अंब अंदौरा दौलतपुर चौक रेलवे ट्रैक पूरी तरह से ट्रेन चलाने के लिए उपयुक्त पाया गया है। चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे कुनेरन और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन में तमाम सुविधाएं भी सही पाई गई हैं।
उनके साथ सीनियर डीसीएम हरी मोहन, डीएनसी पंकज गुप्ता, डीएमजी वीरेंद्र कादयान, पब्लिक रिलेशन इंस्पेक्टर सिमरन, डिप्टी चीफ इंजीनियर नटराज सिंह, एसएसई संजीव कुमार, एक्सईएन राकेश कुमार, दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन इंचार्ज राजिंद्र कुमार, संदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।
अंबाला सब डिवीजन रेलवे बोर्ड सदस्य एवं भाजपा नेता सुशील कालिया ने बताया कि दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन और चिंतपूर्णी मार्ग स्टेशन कुनरेन का उद्घाटन करवाना और दौलतपुर चौक स्टेशन तक रेलगाड़ी पहुंचाना सांसद अनुराग ठाकुर की प्राथमिकता है।
अंबाला डिवीजन के सीनियर डीसीएम हरी मोहन ने बताया कि दौलतपुर चौक और चिंतपूर्णी मार्ग स्टेशन और अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से दौलतपुर चौक स्टेशन तक ट्रैक सही है और इसका उद्घाटन 6 जनवरी 2019 को रेलवे मंत्री पीयूष गोयल के हाथों अंब में होने की पूरी संभावना है। हालांकि, इसकी औपचारिक घोषणा उच्चाधिकारियों के माध्यम से बुधवार 2 जनवरी को होगी।