हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल के एक गांव में शादी से तीन दिन पहले दूल्हे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इससे परिजनों को शादी समारोह स्थगित करना पड़ा। दूल्हे के संक्रमित होने के बाद दुल्हन पक्ष की रजामंदी के साथ परिजनों ने शादी की तारीख आगे बढ़ा दी है। दोनों परिवारों ने शादी की तैयारियां पूरी कर ली थीं। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के कारण प्रदेश में कई लोगों ने अपने स्तर पर भी शादी समारोहों का आयोजन स्थगित कर दिया है।
किसान आंदोलन के समर्थन में ट्रैक्टर पर दुल्हन ले आया दूल्हा
किसान आंदोलन के समर्थन में दूल्हा अपनी दुल्हन को ट्रैक्टर पर घर ले आया। नालागढ़ के ढेरोंवाल के भूपेंद्र सिंह का खरूणी की मनप्रीत कौर से विवाह हुआ है। भूपेंद्र बरात लेकर तो कार में गया लेकिन वापसी में विदाई के लिए दुल्हन के परिजनों से ट्रैक्टर पर जाने की अनुमति मांगी। भूपेंद्र ने बताया कि किसान कई माह से आंदोलन पर बैठे हैं। लेकिन सरकार उनकी मांगों को नहीं मान रही है। किसान का बेटा होने के नाते उन्होंने भी किसान आंदोलन के समर्थन में अपनी दुल्हन को ट्रैक्टर पर ही लाने का निर्णय लिया।