इंटर कॉलेज क्रिकेट स्पर्धा में ऊना कॉलेज चैंपियन
- फोटो : संवाद
एचपीयू शिमला की ओर से पीजी कॉलेज रामपुर में आयोजित महिला वर्ग की इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में ऊना ने सुंदरनगर को 66 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। टी-20 मैच में ऊना ने पहले बल्लेबाजी करते 156 रन बनाए। ऊना की ओर से प्रेक्षा ने सबसे अधिक 44 रन बनाए। नैंसी ने 38 और शालिनी ने 23 रनों का योगदान दिया। सुंदरनगर की अंजलि ने 2 विकेट, स्वीटी, मनीषा और साक्षी ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुंदरनगर की पूरी टीम 90 रन पर ढेर हो गई। सुंदरनगर की ओर से साक्षी ने सबसे अधिक 33 रन बनाए। ऊना की तरफ से हिमांशी ने चार विकेट लिए। प्रतियोगिता में ललिता को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, शालिनी को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर, नैंसी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और साक्षी को सर्वश्रेष्ठ फील्डर के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता में 9 कॉलेजों की टीमों ने खिताब जीतने के लिए दमखम दिखाया। समारोह में कॉलेज प्राचार्य डाॅ. पंकज बासोतिया ने पुरस्कार बांटे। इस मौके पर डाॅ. प्रवेश शर्मा, डॉ. जितेंद्र ठाकुर, डाॅ. विक्रांत भारद्वाज, डाॅ. राज कुमार, रामपुर कॉलेज उप प्राचार्य डाॅ. विद्या बंधु नेगी, डॉ. टीडी वर्मा, डॉ. सतपाल खूंद, डाॅ. केके नेगी और खेल सहायक युगराज नेगी आदि मौजूद रहे।