फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सस्ते हवाई टिकटों के कोटे में पहले ही साल में कटौती, 1900 के बजाय किराया 19 हजार

Sat, 28 Apr 2018 02:53 PM IST
प्रखर दीक्षित, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

गरीबों को सस्ती हवाई यात्रा का दिखाया गया सपना धरातल पर टूटता नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 अप्रैल 2017 को उड़ान योजना की शुरुआत के साथ गरीबों के सपने पूरे होने की बात कही थी। साल बीतने के बाद सब्सिडी के चलते सस्ती बिकने वाली सीटों की संख्या घटा दी गई है।

विज्ञापन


शिमला से दिल्ली और दिल्ली से शिमला की फ्लाइट में सब्सिडी वाली सीटों के कोटे में भारी कटौती से योजना के लाभार्थियों को झटका लगा है। सब्सिडी वाली जो सीटें पहले 1900 रुपये में मिल रही थीं, कोटे से बाहर होते ही उनके दस गुना ज्यादा दाम वसूले जा रहे हैं।

बीते वर्ष शिमला में 27 अप्रैल को हुए भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो हजार से कम रुपये में शिमला से दिल्ली के हवाई सफर की सेवा शुरू करवाई थी। दावा किया गया कि हवाई चप्पल पहनने वाले लोगों के लिए यह सस्ता हवाई सफर मील का पत्थर साबित होगा। हवाई सेवा देने वाली एयर इंडिया की एलायंस एयर ने 48 सीटर प्लेन से इस सेवा की शुरुआत की।

विज्ञापन

सस्ती सीटें अब सिर्फ 9

मौसम और ऊंचाई जैसे तकनीकी पहलुओं को देखते हुए शिमला से दिल्ली की फ्लाइट के लिए सिर्फ 15 पैसेंजर का लोड मंजूर किया गया, जबकि दिल्ली से शिमला के लिए आने वाली फ्लाइट में एक बार में 35 यात्रियों को बैठने की मंजूरी दी गई। खास बात यह थी कि पहले प्लेन की पचास फीसदी सीटों को सब्सिडी के तहत रखा गया।

इसके चलते शिमला से दिल्ली वाली सभी 15 सीटें दो हजार से कम की थीं, जबकि दिल्ली से आने वाली फ्लाइट की 24 सीटें सस्ती थीं। कुछ समय पहले कंपनी ने शिमला से दिल्ली की सस्ती सीटों को 15 से घटाकर 9 कर दिया।

यही नहीं, शिमला आने वाली दिल्ली की फ्लाइट को भी 17 कर दिया। इन सीटों के बाद बची सीटों का किराया फ्लोटिंग रेट से तय हो रहा है। हाल यह है कि 1900 रुपये वाली सीट वर्तमान में 19 हजार रुपये से भी ज्यादा के दाम में बिक रही है।
विज्ञापन

एक साल में आए दस हजार यात्री

आरसीएस उड़ान योजना शुरू होने के एक साल में शिमला हवाई अड्डे पर दस हजार से ज्यादा यात्री सफर कर चुके हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों की मानें तो इस संख्या में आने वाले सालों में फ्लाइट शुरू होने के बाद और इजाफा हो सकता है।

वहीं, शिमला हवाई अड्डे पर आरसीएस उड़ान योजना की पहली सालगिरह को कर्मचारियों ने हवाई यात्री एवं एयरपोर्ट के सभी स्टाफ  के साथ हर्षोल्लास से मनाया। इस दौरान आगमन और प्रस्थान कक्ष में हवाई यात्रियों में उपस्थित बच्चों द्वारा केक काटा गया। बाकायदा सभी हवाई यात्रियों और कर्मचारिओं केक बांटा गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें