सूचना के आधार पर स्पेशल सेल ने पकड़ा, छानबीन शुरू
फिराजपुर और कपूरथला के रहने वाले हैं दोनों अमर उजाला ब्यूरो शिमला। जिला पुलिस ने दस ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को स्पेशल सेल ने उस समय पकड़ा जब वह चिट्टे की डिलीवरी देने की फिराक में थे। दोनों आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस ने थाना सदर में एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान निशान सिंह निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब तथा गुरप्रीत सिंह निवासी जिला कपूरथला पंजाब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम शनिवार सुबह लालपानी बस स्टॉप क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक उन्हें सूचना मिली कि एक गाड़ी में सवार दो व्यक्ति शिमला शहर में चिट्टे की आपूर्ति करने में संलिप्त हैं और इस समय लालपानी बस स्टॉप के एक टी स्टॉल के पास मादक पदार्थ की डिलीवरी देने की फिराक में है। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर टी स्टॉल, लालपानी बस स्टॉपेज के पास एक गाड़ी को रोका, गाड़ी में निशान सिंह और गुरप्रीत सिंह सवार थे। वाहन की तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई। इस दौरान वाहन से 10 ग्राम चिट्टा और नगदी बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही नशा तस्करी में इस्तेमाल की गाड़ी भी कब्जे में ले ली। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों की चिट्टा तस्करी में संलिप्तता पाई गई है। पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि दोनों आरोपी कितने समय से नशा तस्करी से जुड़े हुए हैं और उनके साथ कोई और लोग इस नशा तस्करी के नेटवर्क में शामिल तो नहीं है। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस नशा तस्करी का नेटवर्क तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।