भाजपा के उम्मीदवार बालक राम ठाकुर को 5,948 तथा कांग्रेस के दुष्यंत ठाकुर को 6,913 वोट मिले। इसके अलावा 110 मत अवैध घोषित किए गए। ऊना के बढ़ेडा कांगड़ बीडीसी के उपचुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार उपिंद्र सिंह ने बाजी मारी।
उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी राकेश को 125 मतों से पराजित किया। मंडी जिला के पंचायत समिति वार्ड मझवाड़ के उपचुनाव में महज दो मतों के अंतर से लेखराज ने 383 मत लेकर जीत हासिल की है।
निकटतम प्रतिद्वंद्वी पवन कुमार को 381 मत मिले। रिर्टनिंग ऑफिसर नायब तहसीलदार सदर लेखराज ने कहा कि दो मतों के अंतर से प्रत्याशी लेखराज ने जीत हासिल की है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश चुनाव संयोजक एचएन कश्यप ने कहा कि 29 जुलाई को हुए पंचायतीराज संस्थाओं के उपचुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार भारी संख्या में विजयी हुए हैं। प्रदेश में हुए 14 ग्राम पंचायत प्रधानों के चुनाव में से 10 में ग्राम पंचायत प्रधान भाजपा समर्थित जीतकर आए हैं।
जिला ऊना के दो ग्राम पंचायत प्रधानों के उपचुनाव में अंब विकास खंड से अशोक कुमार और बंगाणा विकास खंड से अंजुबाला विजयी हुई हैं। इसी तरह से 28 उपप्रधानों में से लगभग 20 से अधिक ग्राम उपप्रधान भाजपा समर्थित जीतकर आए हैं।
उन्होंने कहा कि 258 पंचायत वार्डों में से 200 से अधिक वार्डों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराया है। इसी तरह से जिला परिषदोें में भी भाजपा के प्रत्याशी जीते हैं।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि बंजार से किशोरी लाल के एमएलए बनने के बाद यहां की जिला परिषद सीट खाली हो गई थी। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।
भाजपा के लिए इससे बड़ी शर्मनाक बात और क्या हो सकती है। हम इसकी जानकारी ले रहे हैं कि इसी तरह से कितनी सीटों पर कांग्रेस की जीत हुई है।