कम यात्रियों और ट्रैक पर भूस्खलन के खतरे को देखते हुए रेलवे बोर्ड का फैसला
विज्ञापन
52451 शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस पर लागू होगा निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश और कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन के बढ़ते खतरे के बीच रेलवे विभाग ने एहतियात के तौर पर दो ट्रेनों का संचालन 5 अगस्त तक अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। इस अवधि में यात्रियों की संख्या में आई कमी को भी फैसला लेने का एक प्रमुख कारण माना गया है।
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के तहत कालका से शिमला के बीच चलने वाली 52451 शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस और वापसी में 52452 शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस का संचालन 5 अगस्त तक नहीं होगा। इसके अलावा 52459 कालका-शिमला एक्सप्रेस तथा वापसी में 52460 शिमला-कालका एक्सप्रेस को भी इसी अवधि तक रद्द कर दिया है। बताया कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कालका-शिमला रेलमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। हालांकि इसके अलावा अन्य चार ट्रेनों का संचालन कालका शिमला रेलवे ट्रैक पर नियमित तौर पर होता रहेगा।