हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की टिक्कर तहसील के बटाडा गांव में बुधवार शाम करीब 6:00 बजे आग की घटना सामने आई। गांव बटाडा निवासी कृष्णा देवी, पत्नी श्यामलाल का दो मंजिला मकान आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा मकान जलकर राख हो गया। आग की लपटों की चपेट में मकान के आसपास लगे सेब के करीब 30 पेड़ भी आ गए, जिससे बागवानी को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग का वाहन मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों, पटवारी हलका, कानूनगो टिक्कर और पटवारी सहायक की मदद से आग पर काबू पाने का लगातार प्रयास किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका गया, जिससे आसपास के अन्य घरों को बचा लिया गया। हालांकि, तब तक पीड़ित परिवार का मकान पूरी तरह जल चुका था और घर में रखा सारा सामान राख में बदल गया था। पुजारली-3 के पटवारी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।