कल्पा खंड के तहत तांगलिंग गांव में अचानक आग लगने से दो दुकानें और एक स्टोर जल गए। आग लगने की सूचना मिलते ही रिकांगपिओ से फायर ब्रिगेड और सेना के जवान मौके पर पहुंचे।
उन्होंने आग को आगे फैलने से बचा लिया। लेकिन दो दुकानें और एक स्टोर को नहीं बचा सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार तांगलिंग गांव के निवासी उदय सिंह पुत्र स्व. शेर सिंह की दो दुकानों और एक स्टोर में अचानक आग लगी।
इससे उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। एक दुकान और स्टोर उदय सिंह स्वयं चला रहा था। दूसरी दुकान सुदेश कुमार चला रहा था।
उधर, एसडीएम कल्पा अवनिंद शर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। फौरी राहत के तौर पर पांच-पांच हजार रुपये प्रभावित को दे दिए हैं।