शिमला। पुलिस ने चिट्टे के साथ पकड़े चंडीगढ़ के दंपती से और नशीला पदार्थ बरामद किया है। आरोपी आकाश (24) जुग्गी नंबर- 3416 और शिवानी उर्फ सिया (22) पत्नी आकाश चंडीगढ़ निवासी को पुलिस ने शहर के एक बीएंडबी (ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट होटल) से 24 फरवरी को रामनगर से 7.84 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। अब रिमांड के दौरान आरोपियों ने बताया कि बीएंडबी में भी चिट्टा रखा है। पुलिस ने होटल में दबिश देकर सोमवार रात को 18 ग्राम और चिट्टा कब्जे में लिया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक आरोपी कई महीनों से पुलिस के निशाने पर थे। दोनों पति-पत्नी शिमला में युवाओं को चिट्टा सप्लाई करते थे। आकाश और शिवानी 23 जनवरी को चंडीगढ़ से शिमला पहुंचे थे। उन्होंने लक्कड़ बाजार क्षेत्र के एक बीएंडबी में कमरा किराये पर लिया और खुद रामनगर के एक मकान में किराये पर रहे। इस दौरान युवकों को चिट्टे की सप्लाई करते रहे। एएसपी सुनील नेगी की अगुवाई में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।