प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा वीरवार सुबह करीब 8:30 बजे उस समय हुआ जब धेना भूमती गांव से आ रही बरात की एक गाड़ी नैनाटिक्कर-ढंगयार सड़क के किला कलांच गांव के समीप एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जैसे ही बरात में जा रहे अन्य लोगों इसका पता चला तो उन्होंने गहरी खाई में उतरकर गाड़ी में फंसे अपने साथियों को बाहर निकाला। वीरेंद्र दत्त (54) निवासी गांव सोथी और लीला दत्त (57) निवासी गांव धार ब्राह्मणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी चालक केशव दत्त, जयदेव और कमल चंद निवासी गांव धार ब्राह्माणा घायल हो गए हैं। जयदेव तथा केशव की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एमएमयू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया है।
पच्छाद पुलिस थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि सराहां सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। वहीं, एसडीएम पच्छाद प्रियंका चंद्रा ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है।