तीन से 31 अक्तूबर तक चलेगा संघ का चुनाव प्रचार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय शिमला के शिक्षक संघ (एचजीसीटीए) के चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान शिमला के प्राचार्य एवं चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि दो अक्तूबर से चुनाव के लिए प्रत्याशी नामांकन भर सकते हैं। इसके बाद 3 नवंबर को प्रदेश के सभी कॉलेजों में मतदान होगा।
राजकीय महाविद्यालयों में होने वाले युवा उत्सव, खेलकूद प्रतियोगिताओं और अंतर-महाविद्यालय गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए चुनाव की तिथियां तय की हैं। चुनाव प्रक्रिया में नामांकन से लेकर मतगणना तक की जिम्मेदारी चौड़ा मैदान महाविद्यालय में तय की गई। दो अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान में होंगे। इसी दिन दोपहर तीन से चार बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया है। शाम पांच बजे अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद तीन अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक चुनाव प्रचार चलेगा।
विज्ञापन
एचजीसीटीए चुनाव के लिए तीन नवंबर को मतदान होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों में मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद मतपत्रों को सीलबंद कर सुरक्षित तरीके से राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान स्थित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न महाविद्यालयों से सीलबंद मतपत्र तीन नवंबर से 14 नवंबर तक स्ट्रांग रूम में पहुंचेंगे।
चौड़ा मैदान में होगी मतगणना
मतगणना 15 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान में होगी। चुनाव अधिकारी के अनुसार विभिन्न महाविद्यालयों में चलने वाली शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों को ध्यान में रखकर चुनाव कार्यक्रम तैयार किया है। इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया के साथ महाविद्यालयों की नियमित गतिविधियों को प्रभावित होने से बचाना है। चुनाव कार्यक्रम के तहत नामांकन और नाम वापसी एक ही दिन होगी, जबकि प्रत्याशियों को प्रचार के लिए करीब एक माह का समय मिलेगा। मतदान के बाद मतपत्रों को निर्धारित अवधि में स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के बाद मतगणना की जाएगी।