पेडिज के समीप झमराड़ी पुलिस बैरियर पर पुलिस ने हरिद्वार से शिमला जा रही बस में सवार दो नेपाली मूल के युवकों से अफीम बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार नेरवा थाने और बैरियर में तैनात संयुक्त पुलिस टीम झमराड़ी बैरियर पर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
हरिद्वार से शिमला जाने वाली बस संख्या एचपी 63ए 2649 को रोक कर तलाशी ली तो दो नेपाली युवक सोम बहादुर व दल बहादुर हड़बड़ा गए। पुलिस ने जब उनके सामान की तलाशी ली तो एक बैग में छुपा कर रखी गई तीन किलो 884 ग्राम अफीम बरामद की गई।
दोनों युवकों को नेरवा थाने लाया गया है। पुलिस पूछताछ में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहां पहुंचाई जानी थी। आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। बरामद की गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा पुलिस को मामले की गहनता से छानबीन करने के निर्देश दिए गए हैं। खेप को नेपाल से जिला शिमला में किसी बड़े तस्कर तक पहुंचाया जाना था। बीते साल भी ठियोग क्षेत्र में ऐसे कई नेपाली नशे की खेप के साथ धरे जा चुके हैं।