रक्षाबंधन के दिन शिमला-बसंतपुर-करसोग सड़क पर सुन्नी के पास सड़क हादसे में मंडी जिले के दो युवकों की मौत हो गई। इनकी पहचान दीपक चौहान (20) पुत्र अमर सिंह डाकघर निहरा तहसील करसोग और डिंपल कुमार (23) पुत्र कुशल सिंह डाकघर शंकर देहरा थुनाग के रूप में हुई है। हादसे में केहर सिंह पुत्र चेतराम तहसील करसोग निवासी घायल हुआ है। इसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सुन्नी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक सेब बेचकर चंडीगढ़ से करसोग जा रहे थे। हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। शिमला की तरफ से आ रही पिकअप बडमैन धार मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। इसमें तीन युवक सवार थे। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल केहर सिंह को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा गया।
इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना सुन्नी प्रभारी टीम लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और मृतकों को खाई से सड़क तक पहुंचाया। स्थानीय लोग हादसे में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। यहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक तीनों युवक सेब बेचने चंडीगढ़ गए थे और वापस आते वक्त हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।