रानी लक्ष्मीबाई और बिपाशा छात्रावास का मरम्मत कार्य पूरा
विज्ञापन
चीफ वार्डन ने लिया मरम्मत कार्य का जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में इस बार दो सौ अतिरिक्त छात्राओं को छात्रावास की सुविधा मिलेगी। नए शैक्षणिक सत्र 2024 की काउंसलिंग प्रक्रिया 11 जुलाई से शुरू हो रही है। इसके बाद छात्रावासों में कमरों का आवंटन किया जाएगा।
विवि के चीफ वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने मंगलवार को रानी लक्ष्मीबाई और बिपाशा कन्या छात्रावासों में हुए मरम्मत कार्य का जायजा लिया। जिंटा ने कहा कि नए सत्र में 200 अतिरिक्त छात्राओं को छात्रावास की सुविधा मिल सकेगी। इनमें रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास में 120 और विपाशा छात्रावास में 80 छात्राओं को इस बार छात्रावास आवंटित किए जाएंगे। भवनों के मरम्मत कार्य के कारण बीते दो सत्रों में इन छात्रावासों को आवंटित नहीं किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि रानी लक्ष्मी बाई छात्रावास की 40 लाख और विपाशा छात्रावास भवन के कमरों की मरम्मत पर बीस लाख रुपये खर्च किए हैं। रंग-रोगन का कार्य पूरा हो चुका है। इस मौके पर अधिशासी अभियंता ज्योति प्रकाश, सहायक अभियंता महेंद्र ठाकुर और कनिष्ठ अभियंता जगदीश ठाकुर भी मौजूद रहे। चीफ वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने बताया कि इन दो छात्रावासों का मरम्मत कार्य पूरा होने पर अब विवि में 1167 छात्राओं को छात्रावास की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने छात्रावासों के रखरखाव और मरम्मत कार्य के लिए 60 लाख का बजट मुहैया करवाने पर प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा का आभार जताया।