शिमला और चिड़गांव में बरामद चिट्टे के मामले में पुलिस की कार्रवाई, दो तस्कर किए गिरफ्तार
विज्ञापन
बैकवर्ड लिंकेज पर लुधियाना और अमृतसर में दी दबिश अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पंजाब में बैठकर शिमला जिले में चिट्टा तस्करी का नेटवर्क चला रहे दो बड़े गिरोहों का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के अभियान के तहत जिला पुलिस ने सदर थाना और चिड़गांव थाना में दर्ज दो अलग-अलग मामलों की बैकवर्ड लिंकेज जांच के आधार पर पंजाब के दो मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपी पंजाब से शिमला में नशे की तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े थे। पुलिस अब उनसे पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पहले मामले में सदर थाना शिमला में 15 जुलाई को एफआईआर दर्ज की गई थी। स्पेशल सेल ने एक होटल में दबिश देकर लुधियाना निवासी सागर सिंह (19), आकाश (18) और अंकित कुमार (23) को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 21 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन के डिजिटल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और ऑनलाइन लेनदेन की गहन जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपियों ने यह हेरोइन लुधियाना निवासी साहिल शर्मा (26) से खरीदी थी। ऑनलाइन भुगतान, मोबाइल कॉल और ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने लुधियाना में दबिश देकर मुख्य सप्लायर साहिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार साहिल के खिलाफ पहले भी चोरी और स्नेचिंग के मामले दर्ज हैं। अब उससे पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
विज्ञापन
दूसरे मामले में चिड़गांव थाना पुलिस ने 20 जुलाई को अमृतसर निवासी मनिंद्र सिंह (23) के कब्जे से 16 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने यह नशा अमृतसर निवासी सुखदीप सिंह उर्फ जैस गिल से खरीदा था। इसके बाद पुलिस टीम अमृतसर पहुंची और आरोपी की निशानदेही तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य तस्कर सुखदीप सिंह उर्फ जैस गिल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बरामद ओप्पो मोबाइल फोन में वही मोबाइल नंबर सक्रिय मिला, जिसकी पुष्टि कॉल डिटेल रिकॉर्ड से भी हुई। इसके आधार पर पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया।
इस साल अब तक 60 तस्कर गिरफ्तार, 46 नेटवर्क ध्वस्त
जिला पुलिस शिमला नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है। प्रत्येक मामले में बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है। इस वर्ष अब तक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और केरल सहित विभिन्न राज्यों से 60 तस्कर किए जा चुके हैं, जबकि 46 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त किए हैं। वर्ष 2025 की इस अवधि में पुलिस ने सात तस्करों को गिरफ्तार कर चार अंतरराज्यीय नेटवर्क ध्वस्त किए थे। वहीं वर्ष 2024 में सात तस्करों की गिरफ्तारी के साथ दो नेटवर्क तोड़े थे।
कोट
जिला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। सदर थाना और चिड़गांव थाना में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने पंजाब से दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। नशा तस्करी की पूरी चेन को तोड़ने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई जारी रहेगी। -मेहर पंवार, एएसपी सिटी, शिमला