थाना झाकड़ी के तहत सोमवार को लबाणा-सदाणा सड़क में कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई। कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को 108 की मदद से खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया। इससे पहले घायलों को कुछ दूरी तक स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहनों में लाया।
थाना झाकड़ी से कुलवंत सिंह ने बताया कि ऑल्टो कार एचपी-01ए-2979 ज्यूरी की ओर आ रही थी। इसमें चालक सहित चार लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि हादसा सिंटी मोड़ के पास हुआ। इसमें उसमें सवार चालक सुरेंद्र निवासी सुंगरा की मौके पर ही मौत हो गई। तुला राम निवासी मोगली की अस्पताल पहुंचाते हुए रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि किन्नौर जिले के शांगो गांव के मोहन सिंह और उसकी पत्नी कोमल को गंभीर चोटें आई हैं। इनका महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर में उपचार चल रहा है। कहा कि पुलिस ने मामला दर्जकर, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया सुरेंद्र अपने रिश्तेदार के पास मुंडन के लिए गया था। उधर प्रशासन की ओर से एसडीएम रामपुर दलीप नेगी ने घायलों को पांच-पांच हजार और मृतकों के परिवारों को दस-दस हजार रुपये फौरी राहत दिए।