जनजातीय क्षेत्र होली के होली के न्याग्रां में लोनिवि में कार्यरत कर्मचारी की जंगल में लगी आग को बुझाने के दौरान जिंदा जल गया। हादसा शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उस समय हुआ जब लोक निर्माण विभाग में कार्यरत
त्रिलोक चंद पुत्र वर्मा राम निवासी तोगी (न्याग्रां) छुट्टी करके घर जा रहा था। वह अपने सेब के बगीचे के पास जंगल में लगी आग को बुझाने लग गया और आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। हादसे में त्रिलोक चंद के झुलसने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
त्रिलोक चंद के मरने की खबर सुनकर उसी गांव के तीन अन्य लोग संजय कुमार पुत्र किशन चंद उम्र 35 साल, फुंडी पुत्र चौकस राम निवासी घड़ोह न्याग्रां 42 साल व विक्रम पुत्र जमीता राम निवासी सुरेई न्याग्रां 25 साल सभी कार में सवार होकर घटनास्थल के लिए चले गए।
देर रात जब यह तीनों वापस लौट रहे थे तो बीच रास्ते में भारी बारिश की वजह से एक चीड़ का पेड़ उनकी कार पर आ गिरा जिससे संजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पहले स्वास्थ्य केंद्र होली लाया गया और उसके बाद उन्हें चंबा रेफर कर दिया गया।
एसडीएम भरमौर डॉ. जितेंद्र कंवर ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही राजस्व विभाग को रिपोर्ट जुटाने के निर्देश दे दिए गए थे। उधर, मौके पर पहुंचे कानूनगो होली धर्म चंद ने बताया कि दो लोगों की मौत हुई है जिनके परिवार को हर संभव मदद का प्रयास किया जा रहा है।
दोनों की मौत हादसे की वजह से हुई है। उधर, डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि होली में हादसे की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसके बाद होली पुलिस चौकी से पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा गया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है और मामले में आगामी छानबीन की जा रही है।
गौर हो कि शुक्रवार को रामपुर के ठारू के जंगल में लगी आग कमला के घर तक पहुंच गई थी। कमला ने अपने घर को आग से बचाने का प्रयास किया। इस दौरान वह बुरी तरह से झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।