चक्कर-कोर्टरोड मार्ग पर हादसा, पैरापिट तोड़कर गली में घुसी कार
सीसीटीवी फुटेज आया सामने, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। थाना बालूगंज के अंतर्गत चक्कर-कोर्टरोड मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों युवक दशहरा मनाने के लिए घर से निकले थे। तीनों युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं लेकिन वे परिवार के साथ लंबे समय से शिमला में ही रह रहे थे। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात कार में सवार होकर तीनों युवक कोर्टरोड से चक्कर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर पैरापिट तोड़ते हुए पत्रकार विहार के भवन की गली में जा घुसी। जोरदार आवाज सुनकर भवन में रहने वाले लोग बाहर निकले और घायलों को गाड़ी से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मदद से तीनों को गंभीर हालत में आईजीएमसी पहुंचाया गया, लेकिन यहां अजय (27) और विशाल (27) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कपिल (30) का अस्पताल में उपचार चल रहा है। तीनों निवासी गांव बटलाणा, शोघी के रहने वाले हैं। कपिल की गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281,125ए और 106 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इनसेट
भवन में लगे सीसीटीवी फुटेज में गिरती दिखी कार
पुलिस जांच में भवन में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला है कि करीब 11:56 मिनट पर कार चक्कर की ओर गुजर रही है और करीब एक मिनट बाद 11:57 बजे कार नीचे तेजी से गिरती हुई दिखाई दे रही है। सड़क पर गिरने के बाद गाड़ी भवन की गली में जा घुसती है। हादसा जिस स्थान पर हुआ वहां पर गाड़ियां भी पार्क थीं। गनीमत रही कि कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और न ही उस समय यहां से कोई व्यक्ति गुजर रहा था। प्रारंभिक जांच के मुताबिक गाड़ी अजय चला रहा था। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन में जुट गई है। एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि चक्कर में कार दुर्घटनाग्रस्त होने से दो युवकों की मौत हो गई है जबकि एक को चोटें आई हैं।