येलो अलर्ट के बीच सोमवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। राजधानी शिमला में हल्की बूंदाबांदी हुई। धर्मशाला, सोलन और नाहन में भी हल्की बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार और बुधवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 30 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला में सोमवार को दिन भर बादल छाए रहे।
दोपहर के समय शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। शाम को शहर में धुंध छा गई। सोमवार को धर्मशाला-सोलन में तीन और नाहन में 2.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। उधर, सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.6, भुंतर में 33.5, बिलासपुर-सुंदरनगर में 31.0, हमीरपुर में 30.8, मंडी में 30.2, चंबा में 29.9, कांगड़ा में 29.3, केलांग में 29.2, मनाली में 27.6, सोलन में 27.0, धर्मशाला-नाहन में 26.6, कल्पा में 26.2, पालमपुर में 25.9, शिमला में 21.8 और डलहौजी में 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।