रणवीर कपूर फेम हिट फिल्म रॉक स्टार को सूफी अंदाज में ढालने वाले नियाजी-निजामी ब्रदर का मानना है कि सूफी संगीत खुदा के करीब ले जाता है। इनका कहना है कि सात वर्ष की उम्र से ही कव्वाली गा रहे हैं।
संगीत उन्हें विरासत में मिला है। पिता इनाम अहमद कव्वाल देश के लोकप्रिय कव्वाल रहे। इन्हें भारत के पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने भी सम्मानित किया था।
कसौली समर फेस्टिवल में शिरकत करने पहुंचे दोनों कव्वाल ‘अमर उजाला’ से खास तौर पर रू-ब-रू हुए। उन्होंने बताया कि कव्वाली का भारत और पाकिस्तान ही नहीं ब्रिटेन में भी क्रेज है। लंदन के अलावा सिंगापुर, ईरान और अफगानिस्तान में शो कर चुके हैं।
बताया की वे हापुड़ घराने से हैं और अमीर खुसरो के शागिर्दों में से हैं। वे बॉलीवुड फिल्म खोसला का घोसला के इंतजार एतबार तुमसे प्यार गाने में अपनी आवाज दे चुके हैं। इसके अलावा जिया हो और टेली फिल्म कंजूस के गानों में अपनी आवाज दी है।
रॉक स्टार फिल्म के कुन फय कुन फय काफी हिट रहा है। उन्होंने बताया कि कसौली के बारे में बहुत सुना है। पहली बार यहां आए हैं। सचमुच इन वादियों में दीवानगी है और बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करती है।