फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: मकान में अचानक भड़की आग, जिंदा जले दो मासूम

Thu, 10 Jan 2019 11:32 AM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

हिमाचल के जिला चंबा की सुंगल पंचायत के गांव पंजूण में दो मंजिला मकान की छत पर बने घास के शेड में आग लगने से दो सगे मासूम भाई जिंदा जल गए। हादसा बुधवार दोपहर को उस समय हुआ जब परिवार के सभी लोग अपने-अपने काम से बाहर गए थे।

विज्ञापन


मासूम रिशु (7) और बिशु (5) पुत्र पप्पू राम खेलते-खेलते खिड़की के रास्ते शेड में पहुंच गए, जबकि शेड का दरवाजा बंद था। शेड में पशुओं का चारा रखा था। अचानक घास में आग की चिंगारी सुलगी और देखते ही देखते विकराल हुई आग ने दोनों मासूमों को अपनी चपेट में ले लिया।

बाहर निकाले जाने पर बुरी तरह झुलसे दोनों की सांसें थम चुकी थीं। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी है। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। 

विज्ञापन

मां डिपो से राशन लाने गई थी

रिशू तीसरी और बिशू पहली कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर सवा एक बजे जब आग लगी तो बच्चों के पिता पप्पू राम काम के चलते घर से बाहर थे। उनकी मां डिपो से राशन लाने गई थी।

दादी किसी काम के सिलसिले में चंबा गईं थीं। बच्चों के दादा गांव की ही दुकान में गए थे। दोनों बच्चे खेलते-खेलते घास के बने शेड में पहुंच गए। इसी दौरान अचानक आग की चिंगारी शेड में रखे घास में सुलग पड़ी।

शेड से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुट गई। शेड से घास निकालते वक्त भीतर बच्चों के होने का पता चला, जिससे ग्रामीण सन्न रह गए। 
विज्ञापन

बच्चेे बुरी तरह झुलस चुके थे

ग्रामीणों ने जल्दी-जल्दी घास हटाकर बच्चों को बाहर निकाला लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी। बच्चेे बुरी तरह झुलस चुके थे और उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार वालों के होश उड़ गए।

बच्चों की मां रीना देवी, दादा, दादी होशहवास खो चुके थे। वहीं, जानकारी मिलते ही डीसी चंबा हरिकेश मीणा, एसडीएम चंबा दीप्ति मंढोत्रा, एसएचओ चंबा घटनास्थल पर पहुंच गए।

हादसे से क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। एसडीएम ने कहा कि आग लगने के कारणों की छानबीन की जा रही है। उपायुक्त चंबा हरिकेश मीणा ने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस घटना की जांच करवाई जा रही है।  

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें