टीबी अस्पताल के बाहर सड़क पर खड़ी दो गाड़ियां और एक खोखा जलकर राख हो गए। घटना में करीब आठ लाख का नुकसान का अनुमान है। वाहनों में आग लगने के कारण दो अन्य कारों के शीशे भी टूट गए। रविवार दोपहर करीब दो बजे टीबी अस्पताल के बाहर सड़क पर खड़ी सेंट्रो कार से धुआं निकलने लगा।
देखते ही देखते गाड़ी में आग लग गई। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम पहुंचने से पहले आग दो गाड़ियों और एक खोखे में फैल चुकी थी। टीम ने थोड़ी ही देर में आग को बुझा दिया। साथ खड़ी अन्य गाड़ियों को बचा लिया गया।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। आसपास के घरों में भी आग से खतरा पैदा हो सकता था। उधर, फायर अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि टीबी अस्पताल के बाहर दो वाहनों में लगी आग को दमकल विभाग की टीम ने बुझाया। एक खोखा भी जल गया है। घटना के समय वाहनों में कोई सवार नहीं था।