हिमाचल के युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने के कांग्रेस के वायदे पर चुनावी साल में सियासी घमासान मच गया है। सरकार के ही एक वरिष्ठ मंत्री की ओर से उठाए गए इस मामले में कांग्रेस का एक खेमा भी कूद पड़ा है। सीएम की ओर से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने के बावजूद कुछ कांग्रेस नेताओं ने मामले को सार्वजनिक तौर पर उठाना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा में उपनेता प्रतिपक्ष आनंद शर्मा के मामले में बयान के बाद राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विप्लव ठाकुर ने कहा है कि मामले में प्रदेश के युवाओं को न उलझाया जाए।
कांगड़ा के ज्वालामुखी में शनिवार को उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चुनाव घोषणापत्र में कौशल विकास भत्ता या बेरोजगारी भत्ता देने की बात है, इस दुविधा को दूर किया जाए। प्रदेश में साढ़े 11 लाख युवा बेरोजगार हैं।
वहीं, हिमाचल में नेता प्रतिपक्ष प्रेमकुमार धूमल ने गगरेट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने बेरोजगारी भत्ता न देकर युवाओं से धोखा दिया है।
बिंदल बोले, फिर युवाओं को ठगने की तैयारी में कांग्रेस
उधर, हिमाचल भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि आनंद शर्मा की ओर से बेरोजगारी भत्ते पर दिया गया बयान भी षड्यंत्र का एक हिस्सा है। भाजपा का यह स्पष्ट मानना है कि मुख्यमंत्री के बयान, बाली के बयान, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के बयान और फिर आनंद शर्मा के बयान ये सब विरोधाभासी हैं।
ये बयान इन सबके द्वारा मिली-जुली योजना का हिस्सा है। साढ़े चार साल तक कांग्रेस सरकार बेरोजगारी भत्ता नहीं दे पाई और आने वाले चुनावों में इसका कांग्रेस को नुकसान होगा, इसको ध्यान में रखते हुए एक दूसरे पर दोषारोपण करते हुए बीच का रास्ता अपनाने की फिराक में है।
बिंदल ने कहा कि भाजपा ने आशंका जताई है कि साढ़े चार साल तक युवाओं को ठगने वाली कांग्रेस एक बार फिर बेरोजगारी भत्ते का लालीपाप देकर दोबारा से युवाओं को गुमराह करने की तैयारी में है।
कांग्रेस की बैठक में उठ सकता है मामला
बेरोजगारी भत्ते का यह मामला प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रस्तावित बैठक में उठाया जा सकता है। सोमवार को राज्य कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक होगी। एक्सटेंडिंग पीसीसी कार्यकारिणी की बैठक 11 बजे शुरू होगी।
प्रदेश पीसीसी की सारी कार्यकारिणी, जिलों के अध्यक्ष, कार्यकारिणी में शामिल एमएलए भी इसमें आएंगे। ब्लॉक अध्यक्ष, पर्यवेक्षक, पीसीसी सचिव आदि भी रहेंगे। इसमें भी बेरोजगारी भत्ते का मामला उठ सकता है। विमुद्रीकरण पर भी चर्चा होगी। कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि यह बैठक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होगी।
बिना मतलब मुद्दा बनाया जा रहा बेरोजगारी भत्ता
कुल्लू के कसोल में कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर के दौरान युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह बोले - विपक्ष बेरोजगारी भत्ते को बिना मतलब का मुद्दा बना रहा है। सरकार ने घोषणा पत्र में बेरोजगारी भत्ता देने का वायदा किया था।
लेकिन सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में बेरोजगारी भत्ते की जगह कौशल विकास भत्ता देने का फैसला लिया गया था। बजट बराबर रखा गया है। बेरोजगारी भत्ता युवाओं को बेकार बनाता है। कौशल विकास भत्ते से करीब 1.20 लाख युवा लाभान्वित हुए हैं।