हिमाचल भाजपा के महासचिव रणधीर शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कुछ मंत्री, विधायक और निर्दलीय विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। ये वे लोग हैं, जो वीरभद्र सिंह के नेतृत्व के खिलाफ हैं। इनका एक साइजेबल नंबर है। रणधीर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ज्यादा दिन नहीं चलेगी।
भाजपा पांच अक्तूबर को राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी। इसमें वीरभद्र सरकार को बर्खास्त करने की मांग की जाएगी। इसी दिन भाजपा विधायक दल भी बैठक में आगामी रणनीति भी तय की जाएगी। रणधीर ने आरोप लगाया कि पिछले एक हफ्ते से पूरी सरकार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बचाव में लगी है।
इसमें कई अधिकारी भी हैं। सीएम पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस के कई नेता मुख्यमंत्री की आलोचना करते थे, आज वे भी उनके साथ खडे़ होने का दिखावा कर रहे हैं।
बोले, लगता है भ्रष्टाचार पर पूरी कांग्रेस एकजुट
इससे लगता है कि भ्रष्टाचार पर पूरी कांग्रेस एकजुट है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को गिरफ्तारी का डर सता रहा था। अब वह कोर्ट के आदेश को गलत तरह से प्रचारित कर रहे हैं। अर्की के भाजपा विधायक गोविंद राम शर्मा, पार्टी के जिला अध्यक्ष शिमला मदन शर्मा, मीडिया इंचार्ज शिमला राजू ठाकुर और भाजयुमो के प्रवक्ता करण नंदा भी इस मौके पर मौजूद रहे।
मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही भाजपा- कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हर्ष महाजन ने कहा है कि भाजपा मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है। भाजपा नेता जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, मगर जनता सब जानती है। हिमाचल की जनता वीरभद्र सिंह के साथ है। भाजपा ने सीबीआई कार्रवाई का जो शर्मनाक ड्रामा रचा है, उससे सीएम का कोई नुकसान नहीं होगा। हमेशा की तरह मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ताकतवर बनकर उभरेंगे।
कौल बोले, हम किसी से संपर्क में नहीं
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा तो इस हालात में खिलाफ बोलेगी ही। हम किसी से संपर्क में नहीं हैं। हम कांग्रेस में हैं और कांग्रेस के साथ खड़े रहेंगे। कहीं और जाने का सवाल ही खड़ा नहीं होता। पूर्व केंद्रीय संचार राज्य मंत्री पंडित सुखराम के बेटे एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि यह भ्रम फैलाने का ही प्रयास है।
मालूम नहीं कि भाजपा ऐसा किस आधार पर कह रही है। निर्दलीय विधायकों की ओर से चौपाल के एमएलए बलवीर सिंह वर्मा ने कहा कि वे सब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ हिमालय पर्वत की तरह खड़े हैं। इससे अधिक क्या कहें।
सच्चाई से नहीं भाग सकते वीरभद्र: धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि वीरभद्र सिंह सच्चाई से भाग नहीं सकते। धूमल ने यह बात कुटलैहड़ भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते हुए कही। धूमल ने कहा कि वीरभद्र भ्रष्टाचार के मामले में जांच का सामना करने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। वहीं कांग्रेस के नेता अंधभक्ति में भ्रष्टाचार का साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली दौरे करने के स्थान पर कांग्रेस के नेता वीरभद्र सिंह को कुर्सी मोह छोड़ने की सलाह दें।
धूमल ने कहा कि वीरभद्र व चंद कांग्रेसियों को सपने में भी धूमल नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया है और केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार विकास को प्राथमिकता दे रही है। इसी के चलते प्रदेश में नई योजनाएं आई हैं और आर्थिक सहायता भी अधिक मिल रही है। धूमल ने कहा कि कार्यकर्ता प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनावों के लिए तैयार रहें।
धूमल ने कहा भाजपा ने सदस्यता अभियान में विश्व रिकार्ड कायम किया है। धूमल ने कांग्रेस पर आरोप साधा कि 45 वर्ष से अधिक के शासन में कांग्रेस ने देश को आतंकवाद, बेरोजगारी, महंगाई व आपातकाल जैसी स्थिति की ओर धकेला है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत्तपाल सिंह सत्ती, कुटलैहड़ विस क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र कंवर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शर्मा, जिला भाजपाध्यक्ष बलवीर बगा विशेष रूप से उपस्थित रहे।