नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। कांग्रेस राज में केवल वन माफिया, खनन माफिया, शराब, नशा और ट्रांसफर माफिया को संरक्षण मिल रहा है। सरकार ने प्रदेश को 45 हजार करोड़ रुपये के कर्ज में डुबो दिया है।
कांग्रेस सरकार केवल घोषणाएं करने वाली गपोड़ शंख सरकार बन कर रह गई है। जिसे हर हाल में सत्ता से उखाड़ कर बाहर फेंक दिया जाएगा। धूमल ने कहा कि प्रदेश भर में 100 रैलियां की जा रही हैं। इनमें माफिया राज हटाओ हिमाचल बचाओ... का नारा दिया गया है।
पूर्व सीएम शनिवार को पांवटा के होटल ग्रेंड रिवेरा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला को दूसरी राजधानी जन सुविधा के लिए नहीं मंत्रियों की सुविधा के लिए बनाया जा रहा है। जो महलों के ख्वाब दिखा रहा है, वह हकीकत में एक खिलौना भी नहीं दे सकता।
प्रदेश पूरी तरह से कर्ज तले डूबा है। कर्मचारियों को वेतन और पेंशन तक सरकार नहीं दे पा रही है। इस अवसर पर सांसद प्रो. विरेंद्र कश्यप, नाहन विस क्षेत्र के विधायक डा. राजीव बिंदल, शिलाई विस क्षेत्र विधायक बलदेव तोमर, जिलाध्यक्ष सुखराम चौधरी, चंद्रमोहन ठाकुर, बलदेव भंडारी और ब्रजेश गोयल मौजूद रहे।
कांग्रेस का हमला, अच्छे दिन का इंतजार कर रहे लोग, कब आएंगे
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं चेयरमैन मीडिया विभाग नरेश चौहान ने कहा कि नरेंद्र मोदी को सत्ता में आए ढाई से पौने तीन साल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब तक अच्छे दिनों का इंतजार कर रही है कि कब अच्छे दिन आएंगे।
उन्होंने कहा कि जहां तक चुनावी वायदों की बात है, वे मात्र जुमले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 100 दिन के अंदर विदेशों में जमा काला धन वापस लाकर हर देशवासी के खाते में 15 लाख रुपये जमा करवाने का वायदा किया, मगर 15 लाख तो क्या अब तक 15 रुपये भी किसी के खाते में जमा नहीं हुए और जहां तक हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने की बात कही थी।
वहीं अपने आधे कार्यकाल में मोदी सरकार मात्र 1.5 लाख रोजगार ही दे पाई। वहीं, घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में रिकार्ड 86 रुपये की वृद्धि कर मोदी सरकार ने आम जनता और गृहणियों की कमर तोड़ कर रख दी है।