एक तरफ पीलिया के मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है, दूसरी तरफ इस मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। पीलिया फैलने के लिए सियासी दल एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। अश्वनी खड्ड से सप्लाई बंद कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ दिया है।
शहर में एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। आगे यह समस्या और भी विकट होने वाली है। आने वाले दिनों में कहां से पानी का इंतजाम होगा, इस बारे में अभी प्लानिंग चल रही है। जबकि इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में कई महीनों का वक्त लगेगा, वह भी तब जब आज से उस बारे में जमीनी स्तर पर काम शुरू हो।
नगर निगम के महापौर संजय चौहान ने आईपीएच पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि दो तारीख को उनके सामने आईपीएच ने अश्वनी खड्ड से सैंपल लिए। लेकिन आईपीएच ने वह सैंपल जांच के लिए नहीं भेजे, आईपीएच ने पांच तारीख को लिए सैंपल जांच के लिए भेजे। इस तरह के रवैये से खुद आईपीएच संदेह के घेरे में आ गया है।
आईपीएच जनता को बताए कि दो तारीख को लिए गए सैंपल क्यों नहीं भेजे ? इस पर आईपीएच स्थिति स्पष्ट करे। उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने पीलिया के मामले पर सीधे राज्य सरकार पर हमला बोल दिया है। प्रदेश सरकार पर मल्याणा सीवरेज प्लांट के ठेकेदार को बचाने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
प्रेस वार्ता के दौरान डिप्टी मेयर ने कहा कि प्रदेश सरकार सबसे पहले मल्याणा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार करे। ठेकेदार पर एफ आईआर दर्ज होने के बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यह प्रदेश सरकार की ठेकेदार को बचाने की मंशा दर्शा रही है।
उपमहापौर ने कहा है कि विभिन्न स्रोतों खासकर मल्याणा प्लांट से छोड़े जा रहे पानी और अश्विनी खड्ड से लिए गए पानी के नमूनों को हैपेटाइटिस के विषाणुओं की जांच के लिए पुणे स्थित लैब को भेजा जाना चाहिए। ये पानी के नमूने दोनों यानी नगर निगम और आईपीएच विभाग को मिलकर उठाने चाहिए।
जब तक पानी के नमूनों की जांच की रिपोर्ट नहीं आ जाती, अश्विनी खड्ड से पानी की पूर्ति नहीं की जाएगी। पानी की आपूर्ति फिलहाल अश्विनी खड्ड के साथ लगती दो खड्ड ब्रांडी और कोटी से की जाएगी।
सड़कों पर उतरेगी भाजपा-विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शहर में फैले पीलिया के लिए नगर निगम और आईपीएच सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। जब सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तय मानकों पर नहीं चलेगा और पानी की वितरण व्यवस्था ठीक नहीं होगी तब तक इस तरह की दिक्कत रहेगी। हर साल इस तरह के मामले सामने आते रहेंगे। इसका स्थायी हल जल्द किया जाए नहीं भाजपा जल्द सड़कों पर उतरेगी।
दोषियों को न बख्शा जाए- जिला कांग्रेस अध्यक्ष केहर सिंह खाची ने कहा कि पीलिया फैलने के पीछे जिम्मेदार रहे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। आईपीएच को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। जिनकी लापरवाही से इतने लोग पीलिया की चपेट में आए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई हो। सच जनता के सामने आए।