बाजार से खरीदारी करके घर लौट रही थीं 76 वर्षीय विद्या देवी, हादसे के बाद चालक ने थाने में पहुंचकर किया आत्मसमर्पण
विज्ञापन
दोपहर करीब एक बजे हुआ हादसा सीसीटीवी में कैद अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी के भट्ठाकुफर बाजार में शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसे में ट्रक की चपेट में आने से 76 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुई विद्या देवी भट्ठाकुफर की रहने वाली थी। वह बाजार से सामान लेकर घर लौट रही थीं।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और बाद में ढली थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक अजय कौशल निवासी बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे विद्या देवी बाजार से घर की ओर जा रही थीं। इस दौरान ढली से मल्याणा की ओर जा रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला ट्रक के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी और परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को एंबुलेंस के माध्यम से आईजीएमसी पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद चालक ट्रक को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास खड़ा कर ढली थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण किया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। हादसे की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
विज्ञापन
सड़क किनारे खड़े होते हैं वाहन शिमला। भट्ठाकुफर बाजार में भारी यातायात दबाव के बावजूद सड़क किनारे वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे राहगीरों के लिए पैदल चलने की जगह तक नहीं बचती। मजबूरी में लोगों को सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। हैरानी की बात यह है कि इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन बाजार में भीड़भाड़ के बावजूद यहां स्पीड ब्रेकर तक नहीं लगाए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार चमियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू होने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। इसके अलावा फल मंडी होने के कारण सेब सीजन में यातायात का दबाव कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों के लिए सड़क पर सुरक्षित चलना मुश्किल हो गया है।
बाजार में अक्सर रहती है जाम की स्थिति भट्ठाकुफर में शनिवार को हुए हादसे की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इसमें हादसे के समय सड़क किनारे वाहन खड़े दिखाई दे रहे हैं। भट्ठाकुफर वार्ड के पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि बाजार में वाहनों की अधिक आवाजाही के बावजूद यहां पुलिस कर्मचारियों की नियमित तैनाती नहीं है। इस कारण लोग मनमाने ढंग से सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं और बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे अस्पताल जाने वाले मरीजों के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है। उन्होंने पुलिस विभाग से बाजार में पुलिस कर्मचारियों की नियमित तैनाती और लोक निर्माण विभाग से वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।