हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र पांगी की वादियों में अब लाइट, कैमरा और एक्शन की गूंज सुनाई देगी। हॉलीवुड फिल्म आइस रोड-2 रोड ऑफ द स्काई के 15 से 28 अक्तूबर तक जिले के आसपास और पांगी क्षेत्र के दृश्य फिल्माए जाएंगे। इसकी अनुमति अतिरिक्त निदेशक फिल्म इन्फार्मेशन एंड पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट ने जारी की है। इससे चंबा अचंभा अभियान के तहत जिले की खूबसूरत वादियों और अनछुए क्षेत्रों को उजागर करने की दृष्टिगत प्रशासन के अथक प्रयास फलीभूत होते नजर आ रहे हैं।
हॉलीवुड फिल्म निर्माता भी क्षेत्र की खूबसूरती को कैमरे में कैद कर विश्व के पर्यटन मानचित्र पर उजागर करने को लेकर उत्सुक हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी जिला चंबा में बाॅलीवुड पहुंच चुका है। ताल और दिल से फिल्म की शूटिंग यहां हुई है। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि हॉलीवुड फिल्म आइस रोड-2 रोड ऑफ द स्काई की शूटिंग 15 से 28 अक्तूबर तक जिले के आसपास और पांगी क्षेत्र में होगी। उपायुक्त ने शूटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक, वन विभाग के अधिकारियों और नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।