परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत प्रतिष्ठा बनाकर बेरोजगारी भत्ता दिलवाया है। कांग्रेस पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में यह वायदा किया गया था। पढ़ा-लिखा नौजवान पैसे के बिना अपना दैनिक और नौकरी के लिए आवेदन का खर्च नहीं उठा पाता। ऐसे में बेरोजगारी भत्ता उनके लिए संजीवनी का काम करेगा।
वह 31 मार्च तक अपनी तमाम चल और अचल संपत्ति का खुलासा सार्वजनिक तौर पर करेंगे। नगरोटा बगवां में बेरोजगारी भत्ता दिलवाने के लिए ब्लॉक कांग्रेस की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में बाली ने कहा कि पीडीएस प्रणाली में कोई खामी न रहे, इसके लिए ऑनलाइन प्लास्टिक कार्ड वितरित किए जा रहे हैं।
केंद्र की मोदी सरकार की ओर से सब्सिडी बंद कर दिए जाने के बावजूद उन्होंने डिपो में सस्ता राशन देना जारी रखा है। उन्होंने ऐलान किया कि अप्रैल के दूसरे सप्ताह में हटवास के डिग्री कॉलेज मैदान में ऐतिहासिक युवा रैली की जाएगी। इसमें उन तमाम नेताओं का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने बेरोजगारी भत्ता दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। इस मौके पर मनोज मेहता, अजय वर्मा और मान सिंह भी मौजूद रहे।