हिमाचल में ट्रैफिक पुलिस बॉडी कैमरे से लैस हो गई है। अब पुलिस से उलझना किसी भी शख्स के लिए महंगा पड़ेगा। पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार भी आएगा। कुल्लू जिले में करीब 65 कैमरे ट्रैफिक पुलिस को दिए गए हैं।
यह कैमरा पुलिस के कामकाज खासकर ट्रैफिक के समय बहुत मददगार साबित होगा। आए दिन वाहनों के चालान करने तथा यातायात के समय पुलिस के साथ लोगों के उलझने के मामले सामने आते रहते हैं। बॉडी कैमरा लगने से घटना की वस्तुस्थिति का दूध का दूध और पानी का पानी होगा।
घटना की वीडियो के साथ ऑडियो रिकॉडिंग भी होगी। यातायात से संबंधित अब किसी तरह की शिकायत आती है तो पुलिस अधीक्षक की अगवाई वाली टीम जांच करेगी। जांच में अगर पुलिस कर्मी गलत पाया गया तो उसे सस्पेंड करने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई होगी।
किसी शख्स ने पुलिस के साथ गलत व्यवहार किया तो उसे भी सलाखों के पीछे डालने के साथ आगामी कार्रवाई का प्रावधान है। कुल्लू जिले में 65 बॉडी कैमरों में से सदर थाना के तहत 13 बॉडी कैमरे दिए गए हैं। भुंतर और मनाली में क्रमश: 12-12 और अन्य कैमरों को अन्य क्षेत्रों में यातायात पुलिस को दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस के बॉडी कैमरा लगने से पारदर्शिता आएगी। अगर ट्रैफिक पुलिस के साथ किसी तरह का ऐसा मामला आता है तो पुलिस अधीक्षक की अगवाई में बनाई टीम इस कैमरे के वीडियो की जांच करेगी। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।