राजधानी में सोमवार से लोकल और लांग रूट बसें नए स्टॉपेज पर रुकेंगी। शहर में जाम की समस्या हल करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नए बस स्टॉप चिह्नित किए हैं। योजना के तहत पहले चरण में टुटीकंडी क्रॉसिंग और ढली बस स्टॉप बदले गए हैं।
दूसरे चरण में ट्रैफिक पुलिस शहर के आधा दर्जन अन्य बस स्टॉप बदलने जा रही है।शहर के बस स्टॉप राजधानी में आए दिन लगने वाले जाम का एक बड़ा कारण है। जाम की समस्या के कारणों को तलाशने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा किए गए सर्वे में यह बात सामने आई है।
समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बस स्टॉप के लिए नए स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले चरण में टुटीकंडी क्रॉसिंग और ढली बस स्टॉप में बदलाव किया गया है।
टूरिस्ट इनफारमेशन सेंटर से आगे रुकेंगी बसें
टुटीकंडी आईएसबीटी से सोलन और चंडीगढ़ की ओर जाने वाली बसें अब क्रॉसिंग पर नहीं रुकेंगी। इन बसों के लिए टूरिस्ट इनफारमेशन सेंटर से आगे खुले मोड़ पर स्टॉपेज चिह्नित किया गया है। यहां पहले रेत के ट्रक खड़े रहते थे।
एचआरटीसी पंप के सामने खड़ी होंगी आईएसबीटी जाने वाली बसें
सोलन, चंडीगढ़ और ओल्ड बस स्टैंड की ओर से आने वाले बसें जिन्हें आईएसबीटी की ओर जाना है अब एचआरटीसी के डीजल पंप के सामने खुले मोड़ में खड़ी होंगी। इसी स्थान पर बसों में यात्रियों को चढ़ाया और उतारा जाएगा।
बालूगंज रोड के नीचे खड़ी होंगी ओल्ड बस स्टैंड जाने वाली बसें
टुटीकंडी आईएसबीटी और सोलन की ओर से आने वाली ऐसी बसें जिन्हें ओल्ड बस स्टैंड की ओर जाना है, अब क्रॉसिंग से आगे बालूगंज रोड के नीचे खुले मोड़ पर रुकेंगी। इन बसों के क्रॉसिंग पर रुकने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
ढली-संजौली बाईपास पर रुकेंगी ऊपरी शिमला से आने वाली बसें
ठियोग, कुफरी और मशोबरा की ओर से ढली पहुंचने वाली बसें अब ढली-संजौली बाईपास पर रुकेंगी। एचआरटीसी के डीजल पंप के नीचे स्थित टैक्सी स्टैंड के स्थान को बस स्टॉप के लिए चिह्नित किया गया है। इसी स्थान से बसें शिमला की ओर रवाना होंगी।
नए स्टॉपेज किए जा रहे हैं चिह्नित: दिनेश
शिमला डीएसपी ट्रैफिक दिनेश शर्मा ने बताया कि शहर के कुछ बस स्टॉपेज पर बसें खड़ी रहने के कारण जाम की समस्या पेश आ रही है। स्टॉपेज में बदलाव कर नए स्थान चिह्नित किए गए हैं। टुटीकंडी क्रॉसिंग और ढली बस स्टॉप बदल दिया गया है। सोमवार से व्यवस्था लागू होगी।
मनमानी करने वालों के होंगे चालान
ट्रैफिक पुलिस द्वारा चिह्नित बस स्टॉपेज पर ही चालकाें को बसें रोकनी होंगी। अन्य स्थानों पर बसें खड़ी पाई गईं तो चालान होंगे। बस स्टॉप पर अन्य वाहन खड़े करने पर रोक है। यदि कोई अन्य वाहन खड़ा मिला तो चालान किया जाएगा।
बस स्टॉपेज पर लगेंगे साइन बोर्ड
शहर में बस स्टॉप बदलने के बाद नए चिह्नित स्थानों पर बस चालकों की सुविधा के लिए साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। जिस स्थान पर साइन बोर्ड लगे होंगे, चालकों को बसें वहीं खड़ी करनी होंगी। बस स्टॉप पर अन्य वाहन खड़े नहीं होंगे।
कहां हो बस स्टॉप, आप भी दीजिए राय
शहर में जाम की समस्या हल करने के लिए शुरू की गई ट्रैफिक पुलिस की इस मुहिम का आप भी हिस्सा बन सकते हैं। बस स्टॉप कहां होना चाहिए, इसे लेकर आप अपनी राय पुलिस के फेस बुक पेज या 9459100100 पर मैसेज कर दे सकते हैं।