चौड़ा मैदान और बालूगंज सड़क बंद होने से दोपहर के समय बढ़ा जाम, वाहनों की लगी रहीं लाइनें
बस अड्डे से बालूगंज और घोड़ा चौकी तक लगी लाइनें
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी यातायात जाम ने शहरवासियों को बेहाल किया। दोपहर के समय शहर के पुराने बस अड्डे से बालूगंज चौक और ओल्ड बैरियर तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। इसके चलते स्कूली बच्चे घंटों तक गाड़ियों में फंसे रहे।
वीकेंड पर शिमला आ रहे सैलानी भी परेशान हुए। हालत यह थी कि बालूगंज चौक से पुराने बस अड्डे तक के करीब तीन किलोमीटर के सफर में ही लोगों को 65 मिनट लग गए। वाहनों की लंबी कतारें देखने के बाद कई लोग पैदल ही अपने गंतव्य की ओर चल पड़े। सुबह 9:00 बजे से ही शिमला-चंडीगढ़ सड़क पर विक्ट्री टनल से जाम लगना शुरू हो गया। 11:30 बजे तक 103 स्टेशन तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। हालांकि, दूसरी बसस्टैंड से शोघी की ओर वाहनों की आवाजाही सुचारू रही। इसी दौरान वॉकथेन के चलते पुलिस ने बालूगंज चौड़ा मैदान सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। वाहनों को वाया 103, एमएलए क्रॉसिंग रवाना किया गया। इससे जाम और बढ़ गया। दोपहर 12:30 बजे तक विक्ट्री टनल से लेकर बालूगंज चौक और निचली ओर घोड़ा चौकी तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। पांच किलोमीटर लंबी कतार में लोग फंसे रहे। इस दौरान स्कूलों में छोटे बच्चों को छुट्टी हो जाती है। लिहाजा जाम में स्कूल बसें भी फंसी रहीं। शाम तक शहर में जाम की स्थिति बनी रही और वाहन रेंगते नजर आए। इस दौरान स्कूली बच्चे भी जाम में फंसे रहे।
सर्कुलर रोड पर भी जाम
राजधानी के सर्कुलर रोड पर भी लंबा जाम लगा रहा। सुबह के समय तो यातायात सुचारू रहा लेकिन दोपहर बाद बस अड्डे के लिए बैम्लोई तक लंबी लाइन लगी रही। हिमलैंड के पास भी निर्माण कार्य के चलते जाम लग रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बेतरतीब फेंकी निर्माण सामग्री हटाई जाए।