घुमारवीं शहर में दिवाली पर लगी वाहनों की कतारें। संवाद
बाजारों और मुख्य सड़कों पर लगीं लंबी कतारें
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। दिवाली के अवसर पर रविवार को घुमारवीं शहर और आसपास के इलाकों में भारी यातायात का दबाव रहा। सुबह से ही शहर के बाजारों और मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। विशेष रूप से फोरलेन से राष्ट्रीय राजमार्ग 103 शिमला-मटौर तक पहुंचने वाले मार्ग पर यातायात अधिक रहा। भगेड़ से लेकर घुमारवीं तक वाहन रेंगते नजर आए। इससे लोगों को पिछले वर्ष की दिवाली की भीड़-भाड़ की याद ताजा हो गई।
जाम के चलते करीब पांच किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को एक घंटे से अधिक समय लगा। हालांकि यातायात का दबाव अधिक था, फिर भी पुलिस प्रशासन की समय पर की गई तैयारियों के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। शहर के भीतर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष प्रबंध किए। मुख्य मार्गों पर डिवाइडर लगाकर सड़क को दो लेन में विभाजित किया गया, जिससे वाहनों को एक दिशा में व्यवस्थित रूप से चलाया जा सके।
इस व्यवस्था के चलते शहर के बीच ओवरटेकिंग पर रोक लगी रही और ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं बनी। पुलिस कर्मियों ने मुख्य चौराहों और व्यस्त बाजारों में तैनात रहकर वाहनों को नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने यातायात पुलिस की इस व्यवस्था की सराहना की और कहा कि यदि हर त्योहार पर इसी तरह की तैयारी की जाए तो लोगों को असुविधा नहीं होगी।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार स्थिति पूरी तरह बेहतर रही और प्रशासन की सक्रियता के चलते किसी भी बड़ी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। दिवाली की चहल-पहल के बीच घुमारवीं शहर में यातायात सामान्य गति से चलता रहा।