रंदल से वजीर बावड़ी की ओर डायवर्ट होंगे वाहन, भारी वाहनों को रात में ही मिलेगी आवाजाही की अनुमति
विज्ञापन
कई स्थानों पर नो-पार्किंग जोन घोषित, प्रशासन ने जारी किए आवश्यक निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी निरमंड (कुल्लू)। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़कों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। मेले के दौरान कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही वनवे रहेगी, जबकि भारी वाहनों के आवागमन के लिए भी समय और मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को लेकर निरमंड के एसडीएम जगदीप सिंह राठौर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों और संबंधित पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में डीएसपी आनी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ब्रौ, थाना प्रभारी ब्रौ और जगातखाना पंचायत और ब्रौ के प्रधानों समेत अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में तय किया गया कि रंदल की ओर से आने वाले वाहनों को वजीर बावड़ी की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं, जगातखाना और चाटी जाने वाले वाहनों को चाटी डंपिंग साइट की ओर भेजा जाएगा। भारी वाहनों की आवाजाही के लिए वजीर बावड़ी से प्रोजेक्ट रोड होते हुए क्रांति चौक और झाकड़ी तक का मार्ग निर्धारित किया गया है। झाकड़ी की ओर से आने वाले भारी वाहन भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। यातायात योजना के तहत ऊपरी ब्रौ से बसों को दोनों ओर से आवाजाही की अनुमति रहेगी। हालांकि, अन्य वाहनों को रंदल कैंची से जगातखाना की ओर केवल एक दिशा में चलाया जाएगा। किन्नौर और शिमला की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों को निर्धारित पुलिस चेक पोस्ट पर रोकने के बाद केवल रात्रि के समय यात्रा की अनुमति दी जाएगी। वहीं, एसडीएम जगदीप सिंह राठौर ने पुलिस विभाग और संबंधित पंचायतों को यातायात योजना के सभी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिस को प्रमुख चौकों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त जवान तैनात करने और सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश भी दिए। लवी मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे।
कई स्थानों पर पार्किंग पर रहेगी पाबंदी
प्रशासन ने क्रांति चौक से चाटी तक सड़क के केवल घाटी की ओर वाले हिस्से में पार्किंग की अनुमति दी है। इसके अलावा क्रांति चौक से रंदल रोड, ब्रौ सोसायटी चौक से जगातखाना डायवर्जन, थाचवा और सांभरी ढांक के दोनों ओर नोपार्किंग जोन घोषित किए गए हैं। सोसायटी चौक और पुराने ब्रौ पुल से रामपुर कोर्ट की ओर जाने वाली सड़क केवल आपातकालीन वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए खुली रहेगी।