बिजनेसमैन एसोसिएशन ने की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग अमर उजाला ब्यूरो शिमला। लक्कड़ बाजार बिजनेसमैन एसोसिएशन ने लक्कड़ बाजार में अतिक्रमण हटाने के तहत तहबाजारियों को हटाने की नगर निगम की कार्रवाई का स्वागत किया है। इसके साथ कारोबारियों ने आरोप लगाया है कि जिस जगह तहबाजारी को बैठाया है वह नो वेंडिंग जोन में आता है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, महासचिव रजित सिंह गुलाटी और उपाध्यक्ष सुरिंद्र दयाल ने बीते दिन तहबाजारियों को हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए हंगामे पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि कारोबारी किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं हैं। वह नगर निगम की इस मुहिम का स्वागत करते हैं और इसमें पूरा सहयोग देने को तैयार हैं, बशर्ते कार्रवाई निष्पक्षता से की जाए।
एसोसिएशन का आरोप है कि हाल ही में हुई कार्रवाई के दौरान एक तहबाजारी को नहीं हटाया गया जबकि अन्य को हटा दिया। एसोसिएशन ने मांग की कि नगर निगम पहले यह स्पष्ट करे कि संबंधित व्यक्ति वास्तव में बीपीएल श्रेणी का पात्र लाभार्थी है या नहीं। उन्होंने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति के शिमला में दो फ्लैट हैं तथा उसके गांव में करीब 20 बीघा भूमि और एक दुकान भी है। अध्यक्ष अनिल गुप्ता और महासचिव रजित सिंह गुलाटी ने कहा कि रिज से रिगल सिनेमा तक का क्षेत्र नो वेंडिंग जोन है। सीताराम के सामने और डीएवी स्कूल के पुराने गेट के सामने केवल तीन वेंडर्स के बैठने की अनुमति है। इसके अलावा लक्कड़ बाजार चौकी से आगे तीन तथा व्हाइट होटल की ओर नौ तहबाजारियों के लिए स्थान निर्धारित किए हैं। एसोसिएशन का कहना है कि संबंधित तहबाजारी जिस स्थान पर बैठ रहा है, वह वेंडिंग जोन नहीं है, वह आईजीएमसी प्रशासन की भूमि है।