हिमाचल प्रदेश के मजदूर केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ 5 दिसंबर को शिमला में विरोध प्रदर्शन करेंगे। शिमला के कालीबाड़ी हॉल में हुए ट्रेड यूनियनों के राज्य स्तरीय संयुक्त सम्मेलन में इसका फैसला लिया है।
सोमवार को ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच के राष्ट्रीय आहवान पर सम्मेलन में भारतीय मजदूर संघ, सीटू, इंटक, एटक, हिंद मजदूर सभा, नार्थ जॉन इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन, आल इंडिया डिफेंस इंप्लाइज फेडरेशन सहित कई संगठनों के 300 से अधिक मजदूर प्रतिनिधि शामिल हुए।
सम्मेलन को सीटू के राज्य महासचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, भारतीय मजदूर संघ के राज्य महासचिव शिव राम सांख्यान, एटक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश पंत, हिंद मजदूर सभा के राज्य उपाध्यक्ष बिमला चौहान, इंटक के राज्य सचिव भारत भूषण शर्मा और नार्थ जॉन इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के मंडल सचिव देवी दास ने संबोधित किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता सीटू के राज्य अध्यक्ष जगत राम, राज्य सचिव विजेंद्र मेहरा, बीएमएस अध्यक्ष राकेश शर्मा, एचएमएस अध्यक्ष मेला राम चंदेल, एटक राज्य महासचिव रोशन लाल डोगरा और इंटक सेक्रेटरी जनरल बीएस चौहान ने की। इस अवसर पर बीएमएस के पूर्व राज्य अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, गोपाल झिलटा, अमीचंद डोगरा सहित कई मजदूर नेता मौजूद रहे।