हिमाचल प्रदेश राज्य आपूर्ति निगम के निदेशक मंडल की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर की अध्यक्षता में हुई बैठक में गोदामों तक राशन की सप्लाई समय से पहुंचाना सुनिश्चित करने के लिए निगम के वाहनों में ट्रैकिंग प्रणाली लगाने का फैसला लिया गया है।
कपूर ने बताया कि निगम द्वारा अप्रैल से अक्तूबर 2018 की अवधि के दौरान 741.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया गया। गत वर्ष इस अवधि के दौरान 698.37 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। ऐसे में इस अवधि के दौरान कारोबार 43.27 करोड़ रुपये अधिक है। कहा कि चंबा के पांगी के किल्लाड़, कांगड़ा के चेतड़ु, मंडी के थुनाग और संधोल में गोदामों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए बजट में तीन करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि निगम ने दालों व चीनी की खरीद में पिछले 10 माह में 81.90 करोड़ रुपये की बचत की है। बैठक में निगम में आउटसोर्स आधार पर 11 कंप्यूटर ऑपरेटर (लेखा) भरने को मंजूरी दी गई। बैठक में विभाग के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, निदेशक मंडल के गैर सरकारी सदस्य वीना ठाकुर, भीमा राम ठाकुर, प्रधान सचिव ओंकार शर्मा, विशेष सचिव वित्त आविद हुसैन सादिक, निदेशक मदन चौहान, निगम की कार्यकारी निदेशक तनूजा जोशी, वित्तीय सलाहकार अजय महाजन व वितरण प्रबंधक राकेश सहित कई अन्य मौजूद रहे।