कुफरी में पर्यटक खुले में शौच कर रहे हैं। इस क्षेत्र में जब बारिश होती है तो पानी अश्वनी और चेहड़ खड्डों में जाता है। यही पानी शिमला के लिए लिफ्ट होता है। शिमला के लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में सरकार शौचालय बनाए। यह शिकायत कुफरी निवासी राकेश मेहता ने सीएम हेल्पलाइन पर की है। उन्होंने सरकार से कुफरी में सार्वजनिक शौचालय नहीं बनाने की शिकायत की है।
सीएम हेल्पलाइन 1100 पर हुई इस शिकायत को आगे संबंधित अधिकारी को भेज दिया गया है।
कुफरी निवासी राकेश मेहता पुत्र रामानंद ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करते हुए कहा है कि कुफरी में बड़ी संख्या में सैलानी घूमने आते हैं। वहां कोई भी शौचालय नहीं होने के कारण बहुत गंदगी फैल रही है। जब बर्फ पड़ी हो तो उस वक्त तो समस्या और भी विकराल हो जाती है। वे स्थानीय लोगों से शौचालय की सुविधा मांगते हैं। ऐसा न करें तो स्थानीय लोगों से लड़ने पर उतारू हो जाते हैं। इनका क्षेत्र साडा के तहत आता है। इतना बड़ा पर्यटन क्षेत्र होने के बावजूद यहां एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं है। जो कुछ मोबाइल शौचालय यहां रखे गए हैं, वे काम नहीं कर रहे हैं।