तारादेवी से शिमला तक टॉय ट्रेन में सफर के लिए करा रहे बुकिंग
अक्तूबर से मार्च तक इंग्लैंड समेत यूरोप के कई देशों से पहुंचते हैं पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। विश्व धरोहर कालका-शिमला हेरिटेज रेलमार्ग पर इन दिनों विदेशी सैलानियों की आमद बढ़ने लगी है। विंटर सीजन में यह ट्रैक विदेशी सैलानियों की पहली पसंद बना है। हिमालय की पहाड़ियों, देवदार के घने जंगलों और प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से निहारने के लिए विदेशी पर्यटक टॉय ट्रेन के सफर को खास तवज्जो दे रहे हैं।
खासकर इंग्लैंड समेत यूरोप के विभिन्न देशों से शिमला पहुंचने वाले सैलानियों में इस ऐतिहासिक रेलमार्ग को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वीरवार को धर्मपुर से शिमला पहुंची कालका-शिमला एक्सप्रेस 52453 में अधिकतर डिब्बे विदेशी सैलानियों के पैक रहे। शिमला स्टेशन पर उतरते ही सभी सैलानी हेरिटेज ट्रैक पर किए सफर से बेहद खुश नजर आए। अक्तूबर से मार्च तक विदेशी पर्यटकों का शिमला पहुंचने का सिलसिला जारी रहता है। इस दौरान पर्यटक न केवल शिमला की खूबसूरत वादियों का आनंद लेते हैं, बल्कि कालका-शिमला रेलमार्ग पर सफर कर पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता को भी कैमरों में कैद करते हैं। टॉय ट्रेन का धीमा सफर, पहाड़ों के बीच से गुजरती रेल लाइन, सुरंगें और ऐतिहासिक पुल विदेशी पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। हालांकि इन दिनों केवल धर्मपुर से शिमला तक ही ट्रेन का संचालन किया जा रहा है, क्योंकि टकसाल के पास बरसात में क्षतिग्रस्त हुए ट्रैक का कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है।
विदेशी पर्यटकों में इन दिनों तारादेवी से शिमला तक टॉय ट्रेन में सफर करने का रुझान भी बढ़ रहा है, क्योंकि रेल मार्ग में सड़क के मुकाबले ज्यादा समय लगता है। इसलिए सैलानी समय को बचाते हुए सड़क के माध्यम से तारा देवी तक पहुंच रहे हैं और तारा देवी से शिमला स्टेशन तक ट्रेन में आ रहे हैं ताकि विश्व धरोहर कालका-शिमला ट्रैक पर ट्रेन में सफर का लुत्फ उठा सकें। सैलानी इस रूट पर सफर के लिए पहले से बुकिंग करवा रहे हैं। तारादेवी से शिमला के बीच का सफर प्राकृतिक नजारों से भरपूर है। रास्ते में पहाड़ों की खूबसूरत चोटियां, चीड़ और देवदार के पेड़ और घाटियों के मनमोहक दृश्य पर्यटकों को रोमांचित कर रहे हैं।
इनसेट
यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है कालका-शिमला रेलवे ट्रैक
कालका-शिमला रेलवे ट्रैक को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। करीब 96 किलोमीटर लंबे इस रेलमार्ग पर चलने वाली टॉय ट्रेन अपने ऐतिहासिक महत्व और इंजीनियरिंग के अनूठे नमूने के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यही वजह है कि विदेशी सैलानियों के लिए शिमला की यात्रा टॉय ट्रेन के सफर के बिना अधूरी मानी जाती है। आने वाले महीनों में भी विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ने से इस हेरिटेज ट्रैक पर रौनक बने रहने की उम्मीद है।