बर्फबारी के बाद पहाड़ों की रानी शिमला में सैलानियों का तांता लग गया है। वीकेंड पर शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी 80 से 90 फीसदी तक पहुंच गई है। पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और उत्तर प्रदेश से भारी संख्या में सैलानी बर्फ का आनंद लेने के लिए शिमला पहुंचे हैं। शनिवार को कार्ट रोड पर स्थित शहर की सबसे बड़ी पार्किंग दोपहर 12 बजे ही पैक हो गई। इसके बाद पार्किंग संचालकों ने एंट्री प्वाइंट पर पार्किंग फुल का बोर्ड लगा दिया।
हालांकि जैसे-जैसे पार्किंग से गाड़ियां निकलती गईं वैसे-वैसे अन्य गाड़ियों को पार्किंग में प्रवेश भी दिया जाता रहा। कार्ट रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर भी शनिवार को पूरे दिन सैलानियों की भारी भीड़ जुटी रही। शिमला में हुई ताजा बर्फबारी स्थानीय लोगों के लिए जहां परेशानी का सबब साबित हो रही है वहीं सैलानी इस बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। रिज मैदान पर लगे बर्फ के ढेरों पर बैठकर शनिवार को दिनभर सैलानियों ने सेल्फी ली। एचपीएमसी जूस बार के पास लगाए बर्फ के ढेर पर चढ़कर सैलानी फोटोग्राफी का आनंद लेते रहे।
सैलानियों के वाहनों के भारी संख्या में आने से शहर के एंट्री प्वाइंट टुटीकंडी क्रॉसिंग से 103 टनल की ओर ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस जवानों की मुस्तैदी के चलते जाम खुलवा दिया गया। राजधानी बड़ी संख्या में सैलानी जोधा निवासी से रोप वे के जरिये जाखू मंदिर भी पहुंचे। रविवार को भी शहर में सैलानियों का जमावड़ा लगे रहने की उम्मीद है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि हिमपात के बाद भारी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। शहर के होटलों में इस वीकेंड पर ऑक्यूपेंसी 80 से 90 फीसदी तक पहुंच गई है। अगले हफ्ते में भी सैलानियों की भारी संख्या में आमद की उम्मीद है।
पुलिस और नगर निगम का जताया आभार
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सूद ने कहा कि शहर की सड़कों से बर्फ हटा दी है। तभी टूरिस्ट होटलों तक सैलानी पहुंच पा रहे हैं। रिज मैदान पर भी लोगों के चलने के लिए रास्ता छोड़कर अन्य जगह पर बर्फ है। इसका टूरिस्ट भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम का भारी बर्फबारी के बावजूद व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए आभार जताया है।